कुल्लू : मनमिन्दर अरोड़ा – जब तक जिला कुल्लू के एक लाख 10 हजार 928 परिवार के द्वार नहीं पहुंचते। तब तक बाल नहीं काटे जायेंगें। यह प्रण जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने लिया है। युवा सोच के साथ जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार ने कुल्लू जिला को आदर्श जिला बनाने का सपना देखा है। इस सपने को साकार करने के लिए पंकज ने एक प्रोजेक्ट तैयार किया है जिसके तहत कुल्लू को आदर्श कुल्लू बनाया जाएगा। जिसमें बहुत सारे पैरामीटर लिए गए हैं। स्वास्थ्य में कुल्लू सबसे आगे हो और हर घर तक स्वास्थ्य सुविधा व सरकार द्वारा चलाई योजना पहुंचे। इसके लिए कार्य शुरू कर दिया है।
पंकज परमार ने बताया कि आदर्श कुल्लू के सपने को साकार करने के लिए सबसे पहले उनको जिला के सभी परिवार के घर द्वार पहुंचना होगा। घर द्वार पहुंच कर पता चलेगा कि आखिर किस परिवार को किस चीज की जरूरत है। किस परिवार का हिम केयर कार्ड नहीं बना है, किस परिवार का आधार कार्ड नहीं बना है, किस परिवार के घर में पानी नहीं पहुंचा है और कौन परिवार आज भी अंधेरे में रह रहा है। हर घर में दस्तक देने के बाद पूरे एक लाख 10 हजार 928 परिवार का डाटा उनके पास आएगा और उसके बाद उन परिवारों को वोह सभी सुविधाएं प्रदान करवाई जाएगी जिससे वो वंचित है। उनके अनुसार पर्यावरण को बचाने के लिए पहरेदार कार्यक्रम शुरू किया जाएगा जिसमें वनों को बचाने के लिए फायर लाइन का काम किया जाएगा और अच्छा प्रदर्शन करने वाली पंचायत को सम्मानित किया जाएगा। युवाओं के लिए युवाथोन कार्यक्रम चलाया जाएगा और बेटियों प्रतिभाओं को निखारने के लिए भी कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला की सभी 235 पंचायतें भाग लेगी और युवक मंडल,महिला मंडलों व संबंधित विभागों को भी कमेटी में शामिल किया जाएगा। लिहाजा कुल्लू को आदर्श कुल्लू बनाने का रोडमैप जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने तैयार कर दिया है।
