शिमला-:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु परमपावन दलाई लामा को उनके 91वें जन्मदिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने दलाई लामा के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके विचार और शिक्षाएं पूरी दुनिया में शांति, करुणा और भाईचारे का संदेश प्रसारित करती रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि परमपावन दलाई लामा ने मानवता की सेवा, अहिंसा, सहिष्णुता और प्रेम के मूल्यों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनका जीवन करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे विभिन्न संस्कृतियों एवं समुदायों के बीच सौहार्द और आपसी सम्मान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्वयं को सौभाग्यशाली मानता है कि दलाई लामा का स्नेह और मार्गदर्शन प्रदेश को निरंतर प्राप्त होता रहा है। उनकी उपस्थिति ने प्रदेश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और वैश्विक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि परमपावन दलाई लामा सदैव स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें तथा उनके आदर्श, उपदेश और मानवीय मूल्यों पर आधारित संदेश आने वाली पीढ़ियों को शांति, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहें।
