हमीरपुर, अरविंद-: दो साल के लंबे अंतराल के बाद प्रदेश में एक बार फिर बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इसके लिए सभी जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हमीरपुर जिला में बाल विज्ञान सम्मेलन की शुरुआत 18 सितंबर से होगी। जिले के पांचों ब्लॉकों में सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।इस बार बाल विज्ञान सम्मेलन में विद्यार्थियों की भागीदारी भी रिकॉर्ड स्तर पर देखने को मिल रही है। हिमकोस्ट विभाग की ओर से पंजीकरण के लिए शुरू की गई वेबसाइट पर हमीरपुर जिले से अब तक 2897 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है।
जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने बाल विज्ञान सम्मेलन को दोबारा शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें क्विज, साइंस मॉडल और ओलंपियाड सहित चार प्रमुख स्पर्धाएं शामिल हैं, जिनमें विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन करेंगे।इस वर्ष बाल विज्ञान सम्मेलन की थीम ‘साइंस एंड इनोवेशन फॉर सस्टेनेबिलिटी’ रखी गई है। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।राजेश गौतम ने बताया कि बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन ब्लॉक स्तर पर भी किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

