Shimla, Sanju-शिमला नगर निगम 27 जुलाई से एक व्यापक पौधारोपण अभियान शुरू करने जा रहा है। दस दिनों तक चलने वाले इस अभियान में 10 हज़ार से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। नगर निगम का दावा है कि पूर्व में लगाए गए पौधों का सर्वाइवल रेट 90 प्रतिशत से भी अधिक रहा है। यह अभियान शहरी क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी चलाया जाएगा। साथ ही नगर निगम केंद्र सरकार से कार्बन क्रेडिट के तहत आर्थिक सहायता की भी मांग कर रहा है।
शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि यह अभियान पार्षदों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से बड़े स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए आम जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। चौहान ने यह भी स्पष्ट किया कि शिमला जैसे शहरों में राजस्व के सीमित स्रोत हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए केंद्र सरकार से कार्बन क्रेडिट के अंतर्गत आर्थिक मदद की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पहले भी विभिन्न मंचों पर उठाया गया है।
सुरेंद्र चौहान, मेयर, शिमला
“हम 27 जुलाई से पार्षदों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों के साथ मिलकर 10 दिवसीय पौधारोपण अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि शिमला को हराभरा और स्वच्छ बनाया जाए। साथ ही केंद्र सरकार से भी अनुरोध है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के बदले आर्थिक सहयोग दिया जाए, ताकि ऐसे अभियान स्थायी रूप से जारी रह सकें।
