संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार अब पूरी तरह से थम चुका है। वहीं चुनावों को लेकर प्रशासन अपनी तैयारी में जुट गया है। सभी मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की जा रही हैं। वहीं नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को 117 पोलिंग पार्टियों को चुनावी सामग्री सहित अपने अपने पोलिंग स्टेशन के लिए निगम की स्पेशल बसों में रवाना किया गया है।
निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) अनिल भारद्वाज ने बताया कि नूरपुर में विधानसभा निर्वाचन-2022 के लिए 12 नवंबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नूरपुर विस क्षेत्र की 117 पोलिंग पार्टियों को आज चुनाव सामग्री सहित अपने-अपने पोलिंग स्टेशन के लिए निगम की स्पेशल बसों में रवाना कर दिया गया है जो सभी सुरक्षित अपने-अपने पोलिंग स्टेशन पर पहुंच गई हैं।
उन्होंने बताया कि 24-सदवां ओर 75-सैनिक रेस्ट हाउस मतदान केंद्र का समस्त संचालन महिलाओं की ओर से ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों के ठहरने, खान-पान, पेयजल तथा शौचालय आदि जैसी सभी जरूरी सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
