मंडी/परी शर्मा: हिमाचल में 12 नवम्बर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। मतदान करवाने के लिए मंडी जिला के सभी निर्वाचन क्षेत्रों से मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग स्टाफ रवाना हो गया है। इसके लिए 4760 पोलिंग स्टाफ , 200 माइक्रो आबजर्वर और 117 सेक्टर ऑफिसर की तैनाती की गई है। मतदान के लिए मंडी जिला की 10 विधानसभाओं में 1190 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। पोलिंग स्टाफ को आज निगम की बसों के माध्यम से अपने बूथों के लिए रवाना किया गया।
111 मतदान केन्द्रों के लिए मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना
निर्वाचन अधिकारी मंडी सदर विधानसभा एवं एसडीएम रीतिका ने जानकारी दी की मंडी सदर विधानसभा में 12 नवम्बर को मतदान करवाने के लिए 111 पोलिंग पार्टियां वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी से रवाना हो गई हैं। उन्होंने बताया कि मंडी विधानसभा के लिए नियुक्त पीठासीन, सहायक पीठासीन और मतदान अधिकारियों की 111 टीमें चुनाव सामग्री लेकर मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुई थीं, वह अपने-अपने मतदान केन्द्रों तक पहुंच गई है।
पहली बार होगा क्यूआर कोड वोटर स्लिप का उपयोग
मतदान पार्टियों 11 नवम्बर को मतदान केन्द्रों पर पोलिंग कम्पार्टमेंट की स्थापना करेंगी। 12 दिसम्बर को सुबह 8 बजे से 5.00 बजे तक मतदान होगा। रीतिका ने बताया कि मंडी सदर विधानसभा में पहली बार क्यूआर कोड वोटर स्लिप का उपयोग होगा। मतदाता जैसे ही क्यूआर कोड वाली वोटर पर्ची लेकर बूथ पर जाएगा ,वहां मतदान अधिकारी अपने मोबाईल की बूथ लेवल एप्प से वोटर स्लिप स्कैन करेगा। स्कैन करते ही मतदाता की पूरी जानकारी पोलिंग स्टाफ के सामने होगी। उन्होंने सभी मतदाताओं से बढ़चढ कर मतदान करने का आग्रह लोगों से किया।
