मंडी, धर्मवीर- जिला मंडी में आईटीआई से इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में पास युवाओं की स्मार्ट मीटर लगाने के लिए भर्ती होने जा रही है। शर्मा क्रिएशन फर्म के द्वारा अस्थायी तौर पर 15 पदों पर यह भर्ती की जाएगी। जिसके साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय मंडी में लिए जाएंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी ही पात्र होंगे और चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार 750 रुपये तक मासिक मानदेय दिया जाएगा।
जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों (आईटीआई के विस्तृत अंक प्रमाण पत्र), उनकी एक-एक छायाप्रति, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र और नवीनतम बायोडाटा सहित 4 जुलाई को सुबह साढ़े 10 से खलियार स्थित रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को यह भी सूचित किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के दूरभाष 01905-235508 अथवा कंपनी प्रतिनिधि 94183-69494 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
