सचिन शर्मा,उदयपुर: प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान एक तरफ जहां चुनावी प्रचार प्रसार जोरों से चल रहा है तो वहीं बयानबाजी और चुनावी जंग के साथ ही पोस्टर वॉर भी राजनीतिक दलों के बीच लगातार जारी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से लगातार बयानबाजी एक दूसरे पर की जा रही है। वहीं रविवार को लाहौल स्पीति के उदयपुर में कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
आनंद शर्मा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम है। यह चुनाव में सिर्फ वोट खराब करने के लिए आती है। हिमाचल में इनकी एक सीट भी नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का आजादी ही नहीं भारत की बुनियाद रखने में अहम योगदान रहा है। पंडित नेहरू की सोच की बदौलत आज देश परमाणु शक्ति बना। इंदिरा ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए क्रांति लाई तो राजीव गांधी ने आईटी, उद्योग की क्रांति देश में लाई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग कहते है कि कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, लेकिन कांग्रेस की बदौलत ही देश इस मुकाम पर पहुंचा हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में डबल इंजन की सरकार की जवाबदेही तय होनी है। 2014 में दो करोड़ रोजगार का वादा भाजपा ने किया था,लेकिन आज देश मे भयंकर बेरोजगारी है। आजादी के बाद इतनी बेरोजगारी नहीं देखी थी जितनी अब देखने को मिल रही है। देश में लाखों युवा बेरोजगार है। आज अर्थव्यवस्था टूट रही है। रुपए का भाव गिर रहा है।
उन्होंने कहा कि बड़ी बात कहने से सच्चाई नहीं छुपती। इसका जवाब सरकार को देना है। उन्होने कहा कि लाहौल में रोजगार पैदा हो सकते है। साधन बढ़ाने की जरूरत है। प्रोजेक्ट भी बन सकते है। पर्यटन की अपार संभावनांए है। कांग्रेस इन चीजों को प्राथमिकता देगी। हैंडलूम के उत्पादों को बढाने की जरूरत है। कांग्रेस ने गारंटी दी है। रोजगार पैदा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देश प्रदेश में नौकरियां खाली क्यों है। ओपीएस भाजपा नहीं दे पा रही। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार है वहां ओपीएस दिया गया है। हिमाचल में भी सरकार बनने पर यही होगा।
उधर, कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार में जितना विकास लाहौल स्पीति का हुआ है इतना विकास किसी भी सरकार के समय घाटी में नहीं हो पाया है। रवि ठाकुर ने कहा कि वह आनंद शर्मा का लाहौल पहुंचने पर स्वागत करते हैं और उनका अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि वे उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि विधानसभा चुनाव में लाहौल स्पीति से कांग्रेस की सीट जीत कर शीर्ष नेतृत्व की झोली में डालेंगे। इस अवसर पर खराब मौसम के बीच भी सैकड़ों कार्यकर्ता उदयपुर में जनसभा स्थल पर डटे रहे। इस अवसर पर कैप्टन रविना ठाकुर भी विशेष तौर पर मौजूद रही।
