विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: विधानसभा चुनाव के लिए जसवां प्रागपुर क्षेत्र से आजाद उम्मीदवार समाजसेवी कैप्टन संजय पराशर भी चुनावी मैदान में उतरे हैं। संजय पराशर की ओर से जसवां प्रागपुर के हर पंचायत हर गांव में जाकर अपना चुनावी प्रचार किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अपना चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया है जिसमें उन्होंने युवाओं की शिक्षा और रोजगार को लेकर कई वादे किए हैं।
रविवार को चलाली, बणी, अप्पर परागपुर, नाहन नगरोटा, कटोह टिक्कर, पीरसलूही और कोलापुर पंचायतों में जनसंवाद कार्यक्रमों में पराशर ने कहा कि इस बार का चुनाव जसवां-प्रागपुर की भावी पीढ़ी के भविष्य को तय करेगा, इसलिए क्षेत्र के मतदाताओं का उन्हें अपार जनसमर्थन मिल रहा है। पराशर ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन शैक्षणिक माहौल तैयार किया जाएगा तो युवाओं को हर वर्ष राेजगार के पांच हजार अवसर प्रदान किए जाएंगे। युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर नौकरियां उपलब्ध करवाना उनके विजन व प्राथमिकता में शामिल है।
संजय ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने जसवां-प्रागपुर में शैक्षणिक ढांचे की मजबूती के लिए कुछ नहीं किया। प्राइमरी स्कूलों से लेकर कॉलेजों तक पद रिक्त रहे। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ाई करते हैं। लाजिमी बात है कि इन विद्यार्थियों की पढ़ाई पर शिक्षकों की कमी का विपरित असर पड़ा। उन्होंने कहा कि विकास के दावे करने वाले अभी तक डाडसीबा कॉलेज के भवन के ए-ब्लॉक का काम भी पूर्ण नहीं करवा पाए हैं। रक्कड़ कॉलेज का काम पूरा हाेने से पहले अपना फट्टा लगाने की जल्दबाज़ी की गई। कोटला बेहड़ के कॉलेज में पूर्ण स्टाफ के बिना विद्यार्थी परेशान होते रहे। चिंतपूर्णी कॉलेज, जोकि जसवां-प्रागपुर क्षेत्र की जमीन में चल रहा है और इसी क्षेत्र के ज्यादातर विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, में भी मूलभूत सुविधाओं की कमी है ओर नए भवन का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है।
पराशर ने कहा कि जसवां-प्रागपुर में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। अगर उन्हें क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है तो क्षेत्र में मेडीकल कॉलेज खोलने के लिए पहले दिन से ही प्रयास शुरू कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज खोलना और एक छत के नीचे प्रोफेशनल कोर्सेस के लिए भी शिक्षण संस्थान खोला जाएगा। नौकरी के बेहतर अवसरों के लिए क्षेत्र में फ्री इंग्लिश लर्निंग व कंप्यूटर सेंटर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी। युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए करियर काउंसलिंग सेंटर्स खोले जाएंगे, जिनमें करियर विशेषज्ञों से युवा नि:शुल्क सलाह ले सकेंगे। संजय ने कहा कि बेरोजगारी की समस्या के समाधान को लेकर इंडस्ट्रीयल डवलपमेंट को तरजीह दी जाएगी। संसारपुर टैरस के औद्योगिक क्षेत्र का नवनिर्माण और बडाल व अलोह में नए उद्योगों की स्थापना की जाएगी। स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने की दिशा पर भी काम किया जाएगा।
