अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश भर में भाजपा की ओर से मिशन रिपीट के दावे को पूरा करने के लिए चुनावी प्रचार प्रसार में पूरा दमखम लगाया जा रहा है। रैलियों ओर जनसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं भाजपा के आला नेता अपने प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में जुट चुके हैं। इसी कड़ी में हमीरपुर जिला के 5 मंडलों में रविवार को विजय संकल्प अभियान चलाया गया जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश स्तर के नेताओं और भाजपा प्रत्याशियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सुना और भाजपा की जीत का संकल्प लिया।
इस दौरान हमीरपुर में भाजपा जिला महामंत्री हरीश शर्मा ने दावा किया कि भाजपा एकजुटता के साथ हमीरपुर जिला की पांचों सीटें जीतकर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। शर्मा ने कहा कि सुजानपुर में पूर्व मुख्यमंत्री धूमल, हमीरपुर और बड़सर में प्रदेश के प्रभारी अविनाश राय खन्ना व भोरंज में इंदु गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात को सुना और कार्यकर्ताओं व जनता के साथ जिला के पांचों मंडलों में विजय संकल्प अभियान किया।
हरीश शर्मा ने कहा कि आज सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प भी लिया कि हम जिले की पांचों सीटें जीतेंगे और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाएंगे| भाजपा की सरकार ने पुरे प्रदेश व जिला में बहुत अच्छे कार्य किए हैं, और जनता से संपूर्ण सहयोग व प्यार भी मिल रहा है |
