राकेश,ऊना: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर यहां कांग्रेस पार्टी के नेता कार्यकर्ता सभी कांग्रेस की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं तो वही कांग्रेस का छात्र विंग एनएसयूआई भी इन चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। एनएसयूआई ने भी इन चुनावों के लिए अपनी रणनीति तैयार कर ली है।।एनएसयूआई ने तय किया है कि वह भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता के बीच में जाएंगे।
चुनावों को लेकर आगामी रणनीति तैयार करने के लिए सोमवार को एनएसयूआई के स्टेट प्रेसिडेंट छत्तर सिंह ठाकुर ने ऊना में एनएसयूआई के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और पदाधिकारियों को आगामी रणनीति से अवगत करवाया। एनएसयूआई के स्टेट प्रेसिडेंट ने कहा कि एनएसयूआई इस बार विधानसभा चुनावों में प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का काम करेगी क्योंकि जयराम सरकार ने अपने कार्यकाल में किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। बीजेपी सरकार के कार्यकाल में महंगाई चरम सीमा पर है आम आदमी का बजट बिगड़ रहा है और जिसका सीधा-सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा की सत्ता में आने से पहले बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनावों को बहाल किए जाने की बात कही थी लेकिन सरकार का कार्यकाल समाप्ति की ओर है आज दिन तक छात्र संघ चुनाव नहीं करवाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि छात्र संघ चुनावों को लेकर विचार किया जाएगा लेकिन अभी तक कोई निर्णय उन्होंने छात्र संघ चुनावों की बहाली को लेकर नहीं लिया है उन्होंने कहा कि सरकार हार के कारणों के चलते छात्र संघ चुनाव बहाली की घोषणा नहीं कर रही है।
