हमीरपुर (अरविंदर सिंह): प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कमेटी की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए थे। आवेदन करने की अंतिम तिथि कल समाप्त हो चुकी है और हजारों की संख्या में आवेदन भी चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों ने कांग्रेस को भेजे है। वहीं अगर बात जिला हमीरपुर की जाए तो जिला हमीरपुर के 5 विधानसभा क्षेत्रों से 34 लोगों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। इसमें हमीरपुर से सबसे अधिक 21, भोरंज विधानसभा से 10 उम्मीदवारों ने तो नादौन,सुजनापुर और बड़सर विधानसभा से एक- एक ही उम्मीदवार ने टिकट के लिए आवेदन किया है।
प्राप्त आवेदनों के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष राजेंद्र ज़ार ने बताया कि सबसे अधिक 21 उम्मीदवारों ने हमीरपुर विधानसभा से टिकट के लिए आवेदन किया है। वहीं इसके साथ कई टिकट के चाहवान उम्मीदवारों ने सीधे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में भी अपना आवेदन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि भोरंज हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में आवेदन कर्ताओं की संख्या सबसे ज्यादा है क्योंकि इन दोनों ही क्षेत्रों से वर्तमान में भाजपा के विधायक है।
इस दौरान राजेंद्र जार ने भाजपा पर भी निशाना साधा ओर कहा कि इस समय केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश मे जय राम सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण समाज का हर वर्ग दुखी है, और जनता ने इस बार इस नाकारा सरकार को प्रदेश की सत्ता से बाहर का रास्ता निकालने का मन बना लिया है। वहीं बड़सर विधान सभा क्षेत्र से पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा की कांग्रेस में वापसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी हाईकमान की ओर से विधायक की सहमति से लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में आया राम गया राम की नीति अपनाने वाले नेताओं से परहेज करने की आवश्यकता है क्योंकि यह लोग अधिकतर समय पार्टी को नुकसान ही पहुंचाते है।
