धर्मशाला (राहुल चावला): प्रदेश में बारिश ने एक बार फिर से तबाही मचाई है। इस बार धर्मशाला के खनियारा में हुई जोरदार बारिश के बाद घुललू नाले में जलभराव होने से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए है। नाले में अचानक से आई इसी बाढ़ के चलते इंद्रू नाग देवता वाली साइट पर नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा है। फिलहाल मौके पर धर्मशाला और खनियारा को जोड़ने वाले बड़ा पुल, एक ट्रांसफार्मर, लोगों की कुछ दुकानें और मवेशी इस बाढ़ की चपेट में आने से मटियामेट हो गए है, जिसकी सूचना तत्काल प्रभाव से स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को भी दे दी है।

सूचना पाकर पुलिस विभाग की ओर से एएसपी पुनीत रघु और प्रशासन के कुछ अधिकारी भी पहुंच चुके है साथ ही मौके पर राहत और बचाव का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। आलम यह है कि स्थानीय लोगों के सामने अब अपने घरों तक पहुंचना जहां दूभर हो चुका है वहीं अपने नौनिहालों को स्कूलों से घरों तक लाना भी बेहद जोखिम भरा प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अचानक से आई बाढ़ ने पल भर में खनियारा के इंद्रू नाग देवता मंदिर की साइट के आस पास रहने वाले लोगों की जिंदगियों को मटियामेट कर दिया है, हालांकि बड़ी गनीमत यह रही कि कोई बड़ा जानी नुकसान इस बाढ़ में नहीं हुआ है।

फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से तुरंत स्थिति को सामान्य करने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है ताकि ठप पड़ी आवाजाही को पहले प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा सके। बता दें कि अचानक से आई बाढ़ को सोशल मीडिया में बादल फटने जैसी घटना करार दी गई जिसका फोनकॉल पर जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने खंडन किया है उन्होंने कहा कि ये बादल नहीं बल्कि नाले में भारी बारिश की वजह से आए जलभराव के कारण ही हुआ है और उसी से यह हालात पैदा हुए है।
