सोलन/योगेश शर्मा: प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से जिला सोलन में 2,29,000 लोगों को इसका फायदा मिल रहा है और करीब 54,446 परिवार इस योजना के तहत जिला में कवर हो रहे हैं। जिन्हें प्रतिमाह 5 किलो राशन मुफ्त दिया जा रहा है। कोरोना काल में जिन लोगों की जिंदगी सफर हुई उनके लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना एक बेहतर योजना बन कर सामने आई।
खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जिला सोलन नरेंद्र धीमान ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कोरोना काल में शुरू की गई थी। उस दौरान कुछ लोग ऐसे भी थे, जिनकी नौकरियां जा चुकी थी। ऐसे में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना उन लोगों के लिए कारगर साबित हुई । उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर तक में 54,446 परिवारों को मुफ्त राशन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि देश के गरीब लोगों को बिल्कुल मुफ्त में 5 किलो राशन देने वाली प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना 2022 को दिसंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है। यह योजना 30 सितंबर 2022 को समाप्त हो रही थी लेकिन अब इसे 3 महीने यानी दिसंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है। उन्होंने लाभार्थी परिवारों से आग्रह किया है कि वे लोग इस योजना का लाभ उठाएं।
