कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा – जिला कुल्लू में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चरण 3 के तहत 24 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 7 सड़कों का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के द्वारा शुरू कर दिया गया है। जिस पर 65 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है। साथ ही दो सड़कों का कार्य शुरू कर दिया गया है। जबकि बाकी बची 5 सड़कों के निर्माण कार्य के लिए भी निविदाएं आमंत्रित की गई है। इसके अलावा 14 अन्य सड़कों की डीपीआर बनाने के लिए भी लोक निर्माण विभाग कार्य कर रहा है।
7 सड़कों के लिए हुआ बजट का प्रावधान
लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पीएमजीएसवाई के तीसरे चरण में बिजली महादेव रामशिला सड़क का कार्य शुरू कर दिया गया है और मनाली से कन्याल सड़क का निर्माण कार्य ठेकेदार के द्वारा किया जा रहा है। 5 सड़कों के पहले टेंडर किए गए थे। लेकिन बाद में उन्हें रद्द कर दिया गया था और अब दोबारा से निविदाएं आमंत्रित की गई है। इसके अलावा 14 सड़कों के लिए भी लोक निर्माण विभाग डीपीआर तैयार करने में जुट गया है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता केके शर्मा ने बताया कि 4 सड़कें कुल्लू डिवीजन के तहत बनाई जाएंगी। जबकि 7 सड़कें लाहौल स्पीति के उदयपुर डिवीजन के तहत निर्माण की जाएगी। वही बंजार डिवीजन में भी 6 सड़कों की डीपीआर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग काम कर रहा है। ऐसे में पीएमजीएसवाई चरण 3 में कुल 24 सड़कें प्रस्तावित हैं। सभी सड़कों की डीपीआर बनाकर उसे केंद्र के लिए भेजा जाएगा। ताकि केंद्र से मंजूरी मिलते ही इसके लिए बजट का प्रावधान किया जा सके।
