कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – जिला कुल्लू के हाथी थान से रामशिला तक फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। लेकिन अभी भी हाथी थान में एक फ्लाईओवर बनना है। इसके लिए एनएचएआई के द्वारा ग्रामीणों की भूमि व मकान को चिन्हित तो कर लिया गया है और इसकी नोटिफिकेशन भी जारी की गई है। उसके बाद भी अभी तक ग्रामीणों को मुआवजा नहीं मिल पाया है। ऐसे में अब 25 परिवारों ने डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग को ज्ञापन सौंपा और मांग रखी है कि जल्द से जल्द उन्हें एनएचएआई के द्वारा मुआवजा जारी करने के बारे में भी निर्देश जारी किए जाएं।
हाथी थान में मकान, भूमि चिन्हित होने के बाद भी नही मिला मुआवजा
हाथी थान के प्रभावित परिवारों ने इस बारे ढालपुर में डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग के साथ मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल करण बौद्ध, दयानंद, सुभद्रा शर्मा, संजय कुमार, निर्मल चंद, ललित का कहना है कि एनएचएआई के द्वारा उन्हें मकान खाली करने के बारे में कहा गया था और उन्होंने अपने मकान भी खाली कर दिए। ऐसे अब उन्होंने अपने किरायेदारों को भी बाहर निकाल दिया और वह अब खुद किराए के मकान पर रह रहे हैं। लेकिन अभी तक एनएचएआई के द्वारा उन्हें कोई मुआवजा जारी नहीं किया गया है। जब तक उन्हें मुआवजे की राशि नहीं मिलती है तब तक ना तो वे जमीन खरीद सकते हैं और ना ही अपने मकान में रह सकते हैं। अब एनएचएआई के द्वारा भी इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय निवासी करण बौद्ध और सुमित्रा शर्मा का कहना है कि इस बारे मुख्यमंत्री, सड़क परिवहन मंत्री को भी ज्ञापन भेजा गया है। क्योंकि अगर उन्हें समय पर मुआवजा नहीं मिला तो ना बे जमीन खरीद पाएंगे और ना ही अपना भवन बना पाएंगे। आए दिन भवन और जमीनों के दाम भी बढ़ते जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों ने डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग से आग्रह किया कि जल्द से जल्द इस बारे एनएचएआई को निर्देश जारी किए जाएं। ताकि उन्हें मुआवजा राशि जल्द से जल्द मिल सके।
