कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा -जिला कुल्लू के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर कुछ टैक्सी ऑपरेटर निजी बसों को रोक रहे हैं जो कि सरासर गलत है। निजी बस ऑपरेटरों के पास भी सभी जगह जाने के लिए परमिट है। लेकिन कुछ जगह पर टैक्सी ऑपरेटर गुंडागर्दी कर रहे हैं। ऐसे में कुल्लू प्रशासन इन टैक्सी ऑपरेटरों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाए। वरना निजी बस ऑपरेटर यूनियन के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। टैक्सी ऑपरेटर की मनमानी से परेशान होकर कुल्लू बस ऑपरेटर यूनियन के द्वारा ढालपुर में डीसी आशुतोष गर्ग के साथ मुलाकात की गई और एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस ज्ञापन में मांग की गई कि जिला कुल्लू के पर्यटन स्थलों पर टैक्सी ऑपरेटर अपनी मनमानी कर रहे हैं जिससे बस ऑपरेटरों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कुल्लू बस ऑपरेटर यूनियन के प्रधान रजत जमवाल का कहना है कि बीते दिनों भी मनाली में टैक्सी ऑपरेटरों के द्वारा निजी बसों को रोका गया। जबकि निजी बसें भी विशेष परमिट लेकर कहीं भी जा सकती हैं। इसके अलावा भुंतर, मणिकरण, कसोल में भी इन दिनों टैक्सी ऑपरेटर मनमानी पर उतर आए हैं। टैक्सी ऑपरेटरों का कहना है कि वह बस से सवारियां लेकर बिल्कुल भी ना आए और अगर वह सवारियां लेकर आते हैं। तो उन्हें सवारिया बीच रास्ते में उतार कर टैक्सी में भेजनी होगी। जो कि सरासर गलत है। रजत का कहना है कि बस ऑपरेटर को भी कई तरह के टैक्स देने होते हैं और उन्हें भी आर्थिक स्थिति का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अगर टैक्सी ऑपरेटर के द्वारा अपनी मनमानी की जाती रहेगी तो बसों को भी खासा नुकसान उठाना पड़ेगा। वही, उन्होंने डीसी कुल्लू से आग्रह किया कि वे इस बारे जल्दी टैक्सी ऑपरेटर को निर्देश जारी करें। ताकि बस ऑपरेटर को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।
