हमीरपुर, अरविंद-: वर्ल्ड रेबीज डे के अवसर पर हमीरपुर जिले में पशुपालन विभाग की ओर से कुत्तों के टीकाकरण का विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत पहले दिन 316 कुत्तों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। विभाग ने आगामी 15 दिनों के भीतर करीब 1000 कुत्तों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक सुजय शर्मा ने बताया कि टीकाकरण अभियान में अधिकांश पालतू कुत्ते शामिल रहे। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर स्ट्रीट डॉग्स का भी टीकाकरण किया गया। उन्होंने कहा कि कई लोग अपने घरों के आसपास आने वाले आवारा कुत्तों को नियमित रूप से खाना खिलाते हैं। ऐसे कुत्तों को भी रेबीज से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से वैक्सीन लगाई जा रही है।उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन लोगों ने घरों में कुत्ते पाल रखे हैं, वे समय पर उनका एंटी रेबीज टीकाकरण करवाएं। इसके लिए पशुपालन विभाग से संपर्क किया जा सकता है।
विभाग के अनुसार कुत्तों के नियमित टीकाकरण से रेबीज संक्रमण के खतरे को कम करने में मदद मिलती है।सुजय शर्मा ने बताया कि रेबीज एक गंभीर बीमारी है और इसके लक्षण सामने आने के बाद इलाज बेहद कठिन हो जाता है। ऐसे में समय रहते टीकाकरण और सावधानी ही बचाव का प्रमुख माध्यम है।अधिकारियों ने लोगों से कुत्ते के काटने की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की भी अपील की है।
