बिलासपुर, सुभाष-: चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को बिलासपुर जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई।धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी लंबे समय से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े कथित मामलों को सार्वजनिक रूप से उठाते रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी नारेबाजी की। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है।कांग्रेस नेताओं ने संसद में विपक्षी सांसदों के निलंबन तथा चुनाव आयुक्तों को कानूनी संरक्षण देने से जुड़े प्रावधानों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि ऐसे प्रावधानों से चुनाव आयोग की जवाबदेही को लेकर चिंताएं बढ़ती हैं। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता, मतदाता सूची की जांच और शिकायतों के निष्पक्ष निवारण की मांग रखी।जिला अध्यक्ष अंजना धीमान ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव बेहद महत्वपूर्ण हैं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट समाधान होना चाहिए।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महासचिव विकास ठाकुर और महासचिव बंबर ठाकुर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

