संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश बुधवार को अपना 53 वां पूर्ण राज्यत्व दिवस मना रहा हैं। इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम हमीरपुर में आयोजित किया जा रहा हैं, जहां पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मौजूद है ओर उनकी ओर से वहां तिरंगा फहराया गया हैं। वहीं कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में भी पूर्ण राज्यत्व दिवस मनाया गया। जहां कांग्रेस सेवा दल की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया ओर कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस कार्यालय में तिरंगा फहराया। इस दौरान हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी को याद किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने हिमाचल वासियों को पूर्ण राज्य दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि भारी बर्फबारी के बीच 25 जनवरी 1971 आज के दिन पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने शिमला के रिज मैदान से हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था। इस पर्व को हर साल बड़े धूमधाम से मनाया जाता हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल को बनाने में ओर विकास करवाने में कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान रहा हैं, जिसके चलते पहाड़ी राज्यों में आज हिमाचल एक मॉडल बन कर उभरा हैं।
