अरविंदर सिंह,हमीरपुर: इस बार हमीरपुर जिला में हिमाचल प्रदेश का 53वां पूर्ण राज्यत्व दिवस का समारोह मनाया जाएगा। इस समारोह से जुड़ी तैयारियां भी हमीरपुर जिला प्रशासन की ओर से पूरी की जा रही हैं 25 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के मैदान में यह समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी ले कर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
इस भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और अन्य टुकडियां मार्चपास्ट करेंगी। जिला प्रशासन ने इस राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां आरंभ कर दी हैं। गुरुवार को उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने जिला के अधिकारियों के साथ बैठक करके पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की ओर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने कहा कि समारोह में भव्य परेड के अलावा विभिन्न विभागों की झांकियां, प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मुख्य आकर्षण रहेंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को झांकियों की तैयारियां जल्द पूरी करने ओर इनकी थीम से संबंधित सूचनाएं दो दिन के भीतर जिला प्रशासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि 23 से 26 जनवरी तक मौसम के खराब रहने का अनुमान भी हैं, इसलिए भारी बारिश की स्थिति में इस समारोह के कार्यक्रम टाउन हॉल में करवाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टाउन हॉल में भी सभी प्रबंध करें।
उपायुक्त ने कहा कि इस बार हमीरपुर को पूर्ण राज्यत्व दिवस के आयोजन का गौरव प्राप्त हुआ है और इस समारोह की तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मैदान की मरम्मत, सफाई, मार्किंग, मंच निर्माण, बिजली, पानी और अन्य सभी आवश्यक प्रबंधों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
