अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बात अगर जिला हमीरपुर की की जाए तो जिला हमीरपुर में भी पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश के चलते काफी ज्यादा नुकसान हुआ हैं। जानमाल का नुकसान इस बारिश के चलते जिला हमीरपुर में हुआ हैं।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि जिला में लगातार भारी बारिश के कारण सार्वजनिक और निजी संपत्ति का बहुत ज्यादा नुकसान हुआ हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान जिला में 3 लोगों की मौ+त हुई हैं और 2 लोग लापता हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिला की मुख्य सड़के यातायात के लिए खुली हुई हैं। इनके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में अवरुद्ध हुई सडक़ों को जल्द बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनरी पर्याप्त संख्या में लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया की बिजली और पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से आग्रह किया है कि वे खराब मौसम में घर से बाहर न निकलें। किन्हीं कारणों से अगर आवश्यक हुआ तो मुख्य सडक़ों की ताजा स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से बाहर निकलें।
भूस्खलन और बाढ़ की आशंका वाले स्थानों से बिल्कुल दूर रहें। उपायुक्त ने कहा कि जिला की मुख्य सडक़ों की ताजा स्थिति के बारे में ताजा जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार विभिन्न माध्यमों से नियमित रूप से सूचना जारी की जा रही हैं। फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचनाएं सांझा की जा रही हैं।
एसपी डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट पर हैं। जिले की मुख्य सडक़ों में यातायात की स्थिति के संबंध में जिला पुलिस की ओर से भी लगातार सूचनाएं सांझा की जा रही हैं।
