संजीव महाजन,नूरपुर: नूरपुर उपमंडल में स्तरीय 74वां गणतंत्र दिवस समारोह स्थानीय राजकीय डिग्री कॉलेज के परिसर में मनाया गया। इस मौके पर उपमंडलाधिकारी गुरसिमर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया ओर पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड व होमगार्ड की टुकडियों की ओर से प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व उप निरीक्षक राजिंद्र कुमार ने किया।
एसडीएम ने अपने संबोधन में संविधान निर्माताओं के साथ-साथ देश की आजादी एवं गणतंत्र की स्थापना में स्वतंत्रता सेनानियों के बहुमूल्य योगदान, निःस्वार्थ त्याग और बलिदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान हैं। हमारा संविधान हमारी बहुमूल्य विरासत हैं, जिसकी अपनी एक विशेष पहचान हैं। हमारा संविधान सब नागरिकों को एक सूत्र में बांधने के साथ भारतीय होने की पहचान दिलवाता हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे संविधान में जहां हमें अधिकार दिए गए हैं। वहीं हमारे देश और समाज के प्रति कुछ मौलिक कर्तव्य भी हैं। हमें अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों की संपूर्ण जानकारी रखना एवं उनका निर्वहन करना भी जरूरी हैं। एसडीएम ने बहुमूल्य सेवाओं के लिए भारतीय सेनाओं के जवानों का जहां आभार जताया, वहीं देश की रक्षा की खातिर सरहदों पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों ओर उनके परिवारों को भी नमन किया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने खूब बटोरी तालियां
इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया ओर देशभक्ति, पहाड़ी तथा पंजाबी कार्यक्रमों से काफी समां बांधा ओर खूब तालियां बटोरी। इस दौरान एसडीएम की ओर से इस मौके पर विभिन्न गतिविधियों में राज्य ओर राष्ट्रीय स्तर पर स्थान अर्जित कर चुके 25 बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले पुलिस जवानों ओर बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
