राहुल चावला,धर्मशाला: धर्मशाला में परमानेंट डिफाल्टर्स विद्युत बोड के 3.88 लाख रुपये के लंबित बिलों की राशि दबाकर बैठे हैं। इन उपभोक्ताओं से वसूली के लिए बोर्ड ने निर्धारित प्रोसेस शुरू कर दिया हैं। विद्युत बोर्ड मंडल धर्मशाला ने इस माह लंबित बिल न भरने के चलते 1398 डिफाल्टर्स को नोटिस जारी किए थे, जिनमें से 756 के टेंपररी डिस्कनेक्शन ऑर्डर (टीडीसीओ) जारी कर दिए गए हैं। विद्युत बोर्ड की ओर से लंबित बिल की राशि वसूलने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस माह की बात करें तो उपभोक्ताओं के लंबित बिलों की 37.21 लाख रुपये की राशि लंबित थी, जिस पर बोर्ड ने 1398 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए, जिसके बाद कुछ उपभोक्ताओं ने बिल जमा करवाए, लेकिन कई उपभोक्ताओं ने नोटिस को नजरअंदाज किया, जिसके चलते 756 टेंपररी डिस्कनेक्शन ऑर्डर जारी किए गए हैं। विद्युत बोर्ड की टीडीसीओ की कार्रवाई उपरांत 29.60 लाख रुपये के लंबित बिल जमा हो चुके हैं, वहीं अब विद्युत बोर्ड शेष राशि की उगाही को प्रयासरत हैं।
वहीं बात करें बारिश व तूफान की तो, इसकी वजह से विद्युत बोर्ड मंडल धर्मशाला को पिछले 15 दिनों में 28 लाख रुपये की चपत लग चुकी है। पिछले करीब 15 दिनों से खराब चल रहे मौसम की मार भी विद्युत बोर्ड को पड़ी हैं। मंडल धर्मशाला के तहत अब तक 28 लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया जा चुका हैं, जिसमें मंडल के तहत 4 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहीं पेड़ गिरने के चलते 15 एचटी पोल और 12 एलटी पोल को भी नुकसान पहुंचा हैं।
विद्युत मंडल धर्मशाला के वरिष्ठ अधिशाषि अभियंता विकास ठाकुर ने कहा कि नियमित रूप से बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के पास विद्युत बोर्ड का बिल के रूप में 3.88 लाख रुपये फंसा है, जिसके लिए आगामी प्रक्रिया जारी हैं। इस माह लंबित बिलों के चलते 1398 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए, जबकि 756 टीडीसीओ जारी किए। लंबित 37.21 लाख राशि के बिलों में से 29.60 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है। पिछले 15 दिनों में बारिश और तूफान से विद्युत बोर्ड को ट्रासफार्मर, पोल व विद्युत तारों के टूटने से 28 लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया हैं।
