मंडी :धर्मवीर (TSN)- 75वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित किया गया। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने समारोह की अध्यक्षता की।
पंडोह स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के लिए 6 करोड़ देने का किया ऐलान
सर्वप्रथम उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया और उपरांत इसके ध्वजारोहन करके भव्य परेड की सलामी ली। परेड़ में हिमाचल पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, महिला होमगार्ड, पुलिस बैंड और स्कूली बच्चों की टुकड़ियों ने भाग लिया। इसके उपरांत अपने संबोधन में उन्होंने देश की आजादी में कुर्बानी देने वाले बलिदानियों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि प्रदेश सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है और आने वाले 10 वर्षों में प्रदेश आत्मनिर्भर बनकर उभरेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 6 इंडस्ट्रियल टाउनशिप को डेवेल्प किया जा रहा है जिसमें मंडी जिला के पंडोह में बनी टाउनशिप भी शामिल है। उन्होंने इस टाउनशिप को डेवेल्प करने के लिए 6 करोड़ की राशि देने का ऐलान भी किया।
प्रदेश में पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही हैं भर्तियां
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश में पहले सरकारी नौकरियां देने में काफी ज्यादा धांधलियां हुई लेकिन मौजूदा सरकार ने इनपर रोक लगाने की दिशा में कार्य किया है। जिस चयन बोर्ड में धांधलियां होती थी उसे बर्खास्त करके वहां पर नए बोर्ड का गठन किया गया है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि प्रदेश में जो भी सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं वे सभी योग्याता के आधार पर दी जा रही हैं। इसमें किसी भी तरह का कोई भाई भतीजावाद नहीं हो रहा है। इस मौके पर स्कूली बच्चों और अन्य दलों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। समारोह के अंत में जिला भर में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया।
