सोलन /योगेश – सोलन शहर के वार्ड नंबर 10 की मधुबन कॉलोनी में शुक्रवार को महासू मित्र मंडल द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सोलन के विधायक व पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस कार्यक्रम में 60 से अधिक अधिक सदस्यों ने भाग लिया।इस दौरान महासू मित्र मंडल के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया।
बता दें कि महासू मित्र मंडल संस्था सन 1992 से कार्यरत है और सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यों को लेकर हमेशा प्रयासरत रहती है। महासू मित्र मंडल के प्रधान राजेंद्र चौहान ने संस्था द्वारा भविष्य में किए जाने वाले सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डाला और बताया कि मंडल द्वारा 21 अगस्त 2022 से फारेस्ट डिपार्टमेंट के साथ मिलकर शामती बाईपास पर वृक्षारोपण कर रहा है । मंडल इस भूमि को स्थाई रूप से अपना कर इसकी देखभाल करेगा ताकि इसे एक वाटिका के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में पहुंचे सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। महासू मित्र मंडल के भवन की मरम्मत व अधूरे पड़े कार्यो के लिए 5 लाख रुपए ऐच्छिक निधि से प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने भविष्य में इस भवन में अधूरे पड़े कार्यो को पूर्ण करवाने के बारे में भी महासू मित्र मंडल को आश्वासन दिया।
