नाहन (देवेन्द्र कुमार): विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं-2022 के तहत सोमवार को जमटा खंड की प्रतियोगिताओं का आयोजन माता बाला सुंदरी मैदान जमटा में किया गया। इस आयोजन में धगेड़ा, पंजाहल, नैहली धीड़ा, बनेठी, चाकली, क्यारी, सुरला, देवका, सेन की सैर, रामा धौण, और नावनी जमटा सहित 11 पंचायतों के कबडडी और कुश्ती खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
महिलाओं की रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजन के आकर्षण का केन्द्र बनी। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन भाजपा खेल प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। बिन्दल ने बताया कि विधायक खेलकूद प्रतियोगिता के तहत खिलाड़ियों की सुविधा के लिए जमटा, कोलर, त्रिलोकपुर और सतीवाला चार खंड बनाए गएं हैं। आज जमटा खंड की प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ जबकि त्रिलोकपुर, कोलर और सतीवाला में अगले चरण में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बिन्दल ने कहा कि सिरमौर जिला के खिलाड़ियों ने सिरमौर और हिमाचल का गौरव अंरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है और हमारे क्षेत्र के खिलाड़ियों ने कई प्रतिस्र्धाओं में परचम सिरमौर और नाहन का परचम लहराया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में खेल कूद गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा और ग्रामीण स्तर पर कई छोटे बौर बड़े खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाहन में इनडोर स्टेडियम का शानदर निर्माण किया गया है। इसी प्रकार माजरा में हाॅकी एस्ट्रोटर्फ मैदान बनाया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों में मुख्यमंत्री खेल मैदान के तहत 15-15 लाख रुपए की धनराशि खर्च कर मैदानों का विकास किया जा रहा है।
