भावना, हमीरपुर: सुजानपुर सीट पर इस बार फिर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही है। वहीं 2017 में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल को हरा कर चुनाव जीते कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा भी सुजानपुर के चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयारी में डटे हुए हैं। वहीं उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उनके सामने चुनाव लड़ने के लिए चाहे कोई भी उतर आए, लेकिन उन्होंने जो काम सुजानपुर में किए हैं। उन्हें विश्वास है कि वह उन्हें जीत जरूर दिलाएंगे।
“समर न्यूज़” से हुई खास बातचीत में राजेंद्र राणा ने जहां भाजपा पर जमकर हमला बोला तो वहीं इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के चुनाव लड़ने का भी उन्होंने स्वागत किया । उन्होंने कहा कि वह पिछले 5 सालों से लगातार लोगों के बीच में है और लोगों के सुख दुख में उनके साथ खड़े रहे है। पार्टी से ऊपर उठकर उन्होंने लोगों की सेवा की है। जो भी लोग उनके पास आते हैं उनका काम किया और विकास कार्य करने का भरपूर प्रयास किया गया है।
राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सत्ता से जाने वाली है। परिवर्तन के संकेत खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दे रहे हैं जिन्हें विश्वास नहीं रहा है कि उनकी सरकार फिर सत्ता में आएगी इसी वजह से वो सुजानपुर में जो भवन बनकर तैयार भी नहीं हुए है उनका भी उद्घाटन कर गए है। यहां तक कि कोई पुल ऐसे है जो आधे अधूरे है उनका उद्घाटन मुख्यमंत्री कर गए हैं। इसी से पता लगता है कि मुख्यमंत्री को अपने ऊपर विश्वास नहीं है कि उनकी सत्ता में वापसी होगी जिसके चलते आधे-अधूरे कार्यों का वह उद्घाटन कर रहे है।
उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश का कर्मचारी तबका सरकार के खिलाफ़ है। ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली की कर्मचारी लड़ाई लड़ रहे है। 2003 में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने ही ओल्ड पेंशन स्कीम को बंद किया था, लेकिन अब कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आते ही ओल्ड पेंशन को बहाल करने का ऐलान किया है। छत्तीसगढ, राज्यस्थान में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कर दी गई है और अब हिमाचल में इसे बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुमले भाजपा का पेटेंट है कांग्रेस काम करने में विश्वास रखती है। कांग्रेस में जो भी वादे जनता के साथ कर रही है सत्ता में आते ही उन्हें पूरा किया जाएगा।
कौन कहता है मेरी लॉटरी लगी, 25 हज़ार लोग नहीं कर सकते गलती
वहीं 2017 में लॉटरी लगने के सवाल पर राजेंद्र राणा ने कहा कि कौन कहता है की उनकी लॉटरी लगी है। सुजानपुर के लोगों ने उन्हें वोट दिया है। गलती 500 1000 लोगों से हो सकती है लेकिन 25 हजार लोगों ने उन्हें वोट दिया है। 25 हज़ार लोग गलती नहीं कर सकते है। हमीरपुर के लोग पढ़े लिखे लोग है। यहां कोई गलती नहीं कर सकता। वैसे भी सुजानपुर में भाजपा के 11 खिलाड़ी है और एक अंपायर भी तैयार है और यदि प्रेम कुमार धूमल यहां से चुनाव लड़ना चाहते है तो उनका भी स्वागत है। कांग्रेस लड़ने के लिए तैयार है जो जनता और कार्यकर्ता उनके साथ है और उन्हें सुजानपुर की जनता पर पूरा विश्वास है।
हिमाचल में नहीं खुलने वाला आम आदमी पार्टी का ख़ाता
हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी की एंट्री को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र राणा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भी कई वादे जनता के साथ किए थे। 6 महीने से ज्यादा समय हो गया है, लेकिन पंजाब में जो हालात पैदा हुए है उस से लोग सहम गए है और हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कोई भी खाता नहीं खुलने वाला है। हिमाचल प्रदेश में जनता कांग्रेस के साथ है। आम आदमी पार्टी को हिमाचल में कुछ नहीं मिलने वाला है। पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। सिद्धू मूसे वाला की खुलेआम हत्या कर दी जाती है और वहां पर इनके नेता अधिकारियों को डरा धमका रहे है।
जुमलें फेंकना भाजपा का पेंटेट
राजेंद्र राणा ने भाजपा पर जनता के साथ वादा खिलाफी करने के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के हर 5 साल बाद स्लोगन बदलती है। जुमले सेंड करना भाजपा का पेटेंट है लेकिन अब उन्हें अपना स्लोगन बदल देना चाहिए और स्लोगन यहां होना चाहिए कि बहुत हुई महंगाई की मार अब नहीं चलेगी भाजपा सरकार। उन्होंने कहा कि जो वादे चुनावों में वह जनता के साथ करते है उनको भूल जाते है। प्रदेश में महंगाई बहुत बड़ा मुद्दा है। पुलिस भर्ती स्कैम हुआ है,अग्निपथ योजना लाकर सेना में ठेकेदारी प्रथा शुरू की गई है जिसके खिलाफ लोगों में गुस्सा है ओर अब प्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली है।
पार्टी का कार्यकर्ता कांग्रेसी जो भी जिम्मेवारी देगी उसे निभाएंगे
मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर राजेंद्र राणा ने कहा कि वह कांग्रेस के कार्यकर्ता है ओर कार्यकर्ता होने के नाते जो भी जिम्मेवारी कांग्रेस आलाकमान की ओर से सौंपी जाएगी उसे बखूबी निभाया जाएगा। कांग्रेस ने उन्हें 16 नगर निगम चुनाव की जिम्मेवारी दी थी तो सोलन में कांग्रेस ने अपनी जीत दर्ज की जिसके बाद उपचुनाव में फतेहपुर सीट की जिम्मेवारी सौंपी और वहां पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनाना कांग्रेस आलाकमान का अधिकार है और अभी फिलहाल चुनाव होने है उसके बाद ही मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह तय होगा।
