नाहन/देवेन्द्र कुमार: जिला सिरमौर के नवनियुक्त एसपी रमन कुमार मीणा ने कहा है कि उनकी प्राथमिकता में निष्पक्ष चुनाव करवाना और जिला में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाना जरूरी है। मीडिया से बात करते हुए एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने कहा कि लॉ एन्ड ऑर्डर के साथ-साथ आने वाले विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर 3 राज्यों की सीमाओं से सटा हुआ है। जिसके चलते यहां चुनाव के दौरान सीमा के भीतर प्रवेश करने वाले पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की असंवैधानिक गतिविधियां न हो सके। इसके अलावा उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जिला में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा और अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों का चालान काटने की बजाय उन्हें कंपाउंड किया जाएगा।
नवनियुक्त एसपी रमन कुमार मीणा ने 24 सितंबर को जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला है। रमन कुमार 2011 IPS बैच के अधिकारी हैं। इससे पहले वो हिमाचल के महामहिम राज्यपाल के साथ बतौर एडीसी दो वर्ष तक कार्य कर चुके है।
