बिलासपुर/सुभाष ठाकुर – नवरात्रि के अवसर पर बिलासपुर में इन दिनों दुर्गा पूजा उत्सव की धूम है। नगर आराध्य देव बाबा नहर सिंह मंदिर में पिछले 21 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे दुर्गा पूजा उत्सव में हर बार नवीन समावेश किया जा रहा है। पूजा अर्चनाओं के दौर के साथ ही लोगों के मनोरंजन का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। जहां बच्चों की अलग अलग प्रतियोगिताएं इस उत्सव में करवाई जाती हैं। वहीं महिलाओं के लिए मेंहदी रचाओ प्रतियोगिता उत्सव का अलग आकर्षण बनता है। इसी कड़ी में नवरात्रि की तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना के बाद महिलाओं की मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने खासी दिलचस्पी दिखाई।
महिलाओं के हाथों पर जहां प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए मेंहदी के खूब रंग बिखेरे वहीं, मेहंदी लगे हाथों पर महिलाओं की सुंदरता भी निखरी रही। प्रतियोगिता के दौरान मेंहदी के एक से एक बढ़कर डिजाइन महिलाओं के हाथों पर सजे । सबसे सुंदर और मूल्यवान मेंहदी के रूप में बच्चों द्वारा मां भगवती और भक्त को दर्शाती हुई मेहंदी ने सबका मन मोह लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को समिति की ओर से पुरस्कार भी प्रदान किए गए। दुर्गा उत्सव में विशेष रूप से शामिल होने वाले गुरुजी के हाथों से आशीर्वाद स्वरूप पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
उत्सव समिति की एंकर अभिलाषा शर्मा ने बताया कि चेतना संस्था की महासचिव डॉक्टर मल्लिका नड्डा की प्रेरणा से शुरू किया गया। दुर्गा पूजा उत्सव इस बार 21वर्ष का हो गया है और इस उत्सव में हर बार कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है। महिलाओं के लिए आज मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया ।
वहीं, इस प्रतियोगिता में निर्णायक रही सरिता शर्मा और मैडम दिनेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में बहुत उत्साह देखने को मिला और बच्चों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया । अगले वर्ष इस प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर करवाने के प्रयास किए जाएंगे। दुर्गा पूजा समिति की ओर से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया गया है। जिसमे लोग भारी उत्साह के साथ इसमें शामिल हो रहे हैं।
