अरविंदर सिंह, हमीरपुर : कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि एम्स हिमाचल में बने, लेकिन मोदी ने सता में आते ही हिमाचल को बड़ी सौगातें दी थी और 2017 में फिर से शिलान्यास करने के बाद 1500 करोड रूपए का एम्स अस्पताल बनाकर जनता को दिया है। यह बात केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा का सम्मेलन पटलांदर में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उस समय भी नहीं चाहती थी कि एम्स बने और आज भी नहीं चाहती है कि एम्स काम करना शुरू करें।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में बढिया काम किया है और भाजपा सरकारों के चलते ही प्रदेश में विकास हुआ है। भाजपा का विकास ही एक बड़ी वजह है कि आज कांग्रेस के नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का नेतृत्व इमानदारी भरा है और जो कांग्रेस ने साठ सालों में नहीं किया है केवल मात्र आठ सालों में करके दिखाया है।
पूर्व सीएम धूमल के भाजपा की बैठकों में लगातार नदारद रहने पर कांग्रेेस की ओर से की जा रही बयानबाजी पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री धूमल के भाई जालंधर में बीमार है इसलिए वह राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज मुददे खत्म हो गए है और इसलिए फिजूल की बातों को उछाल रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोटी छोटी बातों को राजनीतिक लाभ लेने के लिए काम करती है । उन्होंने दावा किया है कि हिमाचल में डबल इंजन की सरकार पहले से ज्यादा सीटें जीत कर प्रदेश में आने वाली है इसलिए कांग्रेस छोटे मुददों को हवा देने के लिए लगी हुई है।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के सम्मेलन का आयोजन आज पटलांदर में किया गया।इस सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शिरकत की तो वहीं लोकसभा सांसद सिंकदर कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी नरेन्द्र अत्री, संसदीय प्रवक्ता अंकुश दत शर्मा भी मौजूद रहे।
