सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में कल यानी 5 अक्टूबर को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में पत्रकारों से कैरक्टर सर्टिफिकेट मांगे गए हैं। इस मामले को लेकर अब कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। सोलन पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ अन्याय करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की वास्तविकता को बताता है कि किस तरह पत्रकारों को परेशान करने के लिए करैक्टर सर्टिफिकेट मांगने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडी में जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली फ्लॉप हुई और उसे पत्रकारों ने दिखाया। उससे चिढ़ते हुए अब सरकार ने पत्रकारों से करैक्टर सर्टिफिकेट मांगे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चैनल के सर्वे को प्रभावित कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तित करने का पूरा मन बना चुकी है। संजय दत्त ने कहा कि अपनी हार को भाजपा के लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में वे लोग उन सब लोगों पर दबाव बना रहे हैं जो सरकार की वास्तविक स्थिति को बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पत्रकारों से करैक्टर सर्टिफिकेट मांगे गए हैं , वह दुर्भाग्यपूर्ण और कांग्रेस पार्टी इसका खंडन करती है।
