अनिल नेगी, किन्नौर: जिला किन्नौर में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विधायक जगत सिंह नेगी और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की ओर से किए गए उद्घाटन और शिलान्यास की पट्टिकाओं को हटाने का विरोध कांग्रेस की ओर से जताया जा रहा है। इतना ही नहीं कांग्रेस यहां भाजपा के नेताओं की ओर से किए जा रहे उद्घाटन और शिलान्यास का भी विरोध जता रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एडवोकेट प्रताप नेगी ने बताया कि किन्नौर जिला में जिसप्रकार से भाजपा के नेताओं की ओर से लोकतंत्र की हत्या कर चुने हुए जनप्रतिनिधि को दरकिनार कर स्वयं जिला के विकासात्मक कार्यों का उद्धघाटन किया जा रहा है वह सरासर गलत है। इससे भी अधिक शर्मनाक बात यह है कि भाजपा नेताओं के दबाव में प्रशासनिक अधिकारियों ने पूर्व सरकार के कार्यकाल में किए गए उद्धघाटन व शिलान्यास पट्टीकाओं को उतारा जा रहा है जिससे जिला की जनता में रोष है।
प्रताप नेगी ने कहा कि प्रदेश के अंदर भी शिमला में पूर्व मुख्य मंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के किए गए उद्धघाटन व शिलान्यास पट्टीकाओं को उतारने का मामला सामने आया है, लेकिन किन्नौर जिला में तो पिछले साढ़े चार वर्षों में उद्धघाटन व शिलान्यास पट्टीकाएं जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की थी उनमें से करीब 16 से अधिक पट्टीकाए तोड़ी गई है। कुछ पट्टीकाएं जिसमे गर्म पानी स्नानघर व अन्य क्षेत्रों में भाजपा नेताओं ने अपने नाम की पट्टीकाएं लगा दी है और विधायक जगत सिंह नेगी के उद्धघाटन शिलान्यास की पट्टीकाओं को उतार दिया है जो सरासर गलत है।
