बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बंबर ठाकुर ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा किए भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम के उद्घाटन को लेकर भाजपा को घेरा है। बंबर ठाकुर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बताएं कि इस ऑडिटोरियम को बनाने में भाजपा का क्या योगदान है। अब चुनाव के समय उद्घाटन करवाकर जनता के बीच वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है।
बुधवार को बिलासपुर सर्किट हाऊस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बंबर ठाकुर ने कहा कि वैसे भी चुनाव में उन्हें हराने के लिए नड्डा व उनका परिवार सक्रिय हो जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। जनता उनके छल कपट को अच्छी तरह से समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले कल 28 शिलान्यास किए गए हैं, क्योंकि चुनाव नजदीक हैं इसलिए जल्दबाजी में भाजपा नेता इंटरलॉक टाईलों तक के उद्घाटन करने पर उतारू हैं। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के सौंदर्यीकरण का उदघाटन पहली बार सुना है। यह बड़े ही शर्म की बात है। सवाल यह है कि यदि सड़कों की हर बार टायरिंग की जाएगी तो क्या उतनी ही बार उसका उद्घाटन भी करते रहेंगे।
