अनिल कुमार, किन्नौर: हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने मंगलवार को किन्नौर जिला के निचार उपमंडल में 25 लाख रुपए की राशि से निर्मित राजकीय माध्यमिक पाठशाला नाथपा व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पानवी के नव-निर्मित भवनों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर सूरत नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किन्नौर जिला के समग्र विकास के प्रति हमेशा प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में गत साढ़े चार वर्षों में जिले में अभूतपूर्वक विकास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं व कार्यक्रम आरंभ किए गए है ओर विकास के कई क्षेत्रों में आज किन्नौर जिला प्रदेश में अग्रणी जिला बनकर उभरा है।
प्रदेश में आज ऐसा कोई भी व्यक्ति नहीं है जो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से आरंभ की गई किसी न किसी योजना से लाभांवित न हुआ हो। सूरत नेगी ने बताया कि जनजातीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत गत साढ़े चार वर्षों के दौरान जिले में शिक्षा के विस्तार के लिए 34 करोड़ 67 लाख रुपए स्वीकृत किए गए। इसी अवधि के दौरान जनजातीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए 42 करोड़ 16 लाख रुपए के बजट का प्रावधान किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा के विस्तार के लिए गत साढ़े चार वर्षों के दौरान महात्मा गांधी वर्दी योजना के तहत जिले में 6145 यूनिफाॅर्म विद्यार्थियों को वितरित की गई। इसी अवधि के दौरान 62 लाख 38 हजार रुपये की निःशुल्क पुस्तकें भी विद्यार्थियों को वितरित की गई। उन्होंने कहा कि गत साढ़े चार वर्षों के दौरान जिले में पहली, तीसरी ओर छठी कक्षा के 1311 विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए गए जबकि प्राथमिक ओर माध्यमिक पाठशालाओं के भवनों के सुधार के लिए 94 लाख रुपए खर्च किए गए।
