अरविंदर सिंह,हमीरपुर: 9 नवंबर को देश के प्रधानमंत्री और विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी सुजानपुर आ रहे हैं। पीएम यहां एक बहुत बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र सहित कुल 22 मंडलों के लोग सम्मिलित होंगे। इस रैली को विजय संकल्प रैली का नाम दिया गया है। रैली में पहुंचने का समय सुबह 10:30 का तय किया गया है । यह जानकारी हमीरपुर बीजेपी मीडिया सेंटर में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने दी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से देश में गरीब तबके के लिए 10 फ़ीसदी आरक्षण देने का फैसला सराहनीय है। इससे कमजोर वर्ग को आर्थिक रूप से ऊपर उठाने का बेहतर मौका मिलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि मोदी सरकार का यह फैसला समाज के लिए फायदेमंद साबित होगा। ओल्ड पेंशन स्कीम के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर धूमल ने कहा कि कांग्रेस ने जिस पेंशन को बंद किया था आज वही इसे लागू करने का रोना रोकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। वे मानते हैं कि कम से कम सम्मानजनक पेंशन कर्मचारियों को जरूर मिलनी चाहिए ताकि उनका गुजर बसर अच्छे से हो सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 9 नवंबर को होने वाली रैली में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से हर विधानसभा क्षेत्र से टारगेट दिया गया है जिसके मुताबिक कार्यकर्ता इस रैली में उपस्थित होंगे। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला की 5 की 5 सीटें भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जीतेंगे। प्रदेश में रिवाज बदलेगा और भारतीय जनता पार्टी फिर से सत्ता में वापस लौटेगी।
