सोलन/योगेश शर्मा: सोलन जिला में कांग्रेस ने पांच में से चार विधानसभा सीटों पर कब्जा कर लिया है। वहीं एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। सोलन में कांग्रेस की प्रचंड जीत को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने खुशी जताते हुए जिला के लोगों का धन्यवाद किया है।
कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जनता के आशीर्वाद से जीते
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भाजपा को दिखा दिया है कि वे जमीनी विकास करवाने वाले को महत्व देते है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो वादे मेनिफेस्टो में किए है, उसे जल्द पूरा करने के लिए कार्य किया जाएगा। शिवकुमार ने कहा कि सोलन जिला में पीएम मोदी, सीएम योगी और अन्य कई बड़े नेताओं ने रैलियो को सम्बोधित किया, लेकिन जनता ने उन सब रैलियों का जवाब अपने मत का इस्तेमाल करके दे दिया है। शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और आम जनता के सहयोग से सोलन में कांग्रेस की बहुत बड़ी जीत हुई है। वहीं प्रदेश में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है।
