चिंतपूर्णी, विकास-: पितृ पक्ष के दौरान जहां पहले धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम देखने को मिलती थी, वहीं अब समय के साथ लोगों की सोच और धार्मिक परंपराओं को लेकर नजरिया भी बदल रहा है। इसका असर रविवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में देखने को मिला, जहां मां के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।रविवार को सप्ताहांत होने के चलते सुबह से ही चिंतपूर्णी मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भीड़ अधिक होने के कारण भक्तों को मां चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
चिंतपूर्णी के अलावा आसपास के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में परिवार धार्मिक यात्रा के साथ-साथ आसपास के पर्यटन स्थलों का भी रुख करते नजर आए।स्थानीय लोगों का कहना है कि बदलती जीवनशैली के कारण अब लोगों के पास परिवार के साथ घूमने-फिरने और धार्मिक यात्राओं के लिए सीमित समय रह गया है। नौकरी, कारोबार और बच्चों की पढ़ाई जैसी व्यस्तताओं के बीच लोग उपलब्ध अवकाश का उपयोग धार्मिक आस्था और पर्यटन, दोनों के लिए कर रहे हैं।इसी वजह से पितृ पक्ष जैसे अवसरों पर भी धार्मिक स्थलों में पहले की अपेक्षा अधिक श्रद्धालु नजर आ रहे हैं। चिंतपूर्णी में रविवार को उमड़ी भीड़ इसी बदलती प्रवृत्ति की एक झलक रही।
