राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला स्थित कांगड़ा कला संग्रहालय की ग्राउंड फ्लोर पर तैयार की गई नई गैलरियां इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यहां प्रदर्शित कांगड़ा शैली की चित्रकला, प्राचीन कलाकृतियों और ऐतिहासिक वस्तुओं को देखने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। खासकर सप्ताहांत पर संग्रहालय में विजिटर्स की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
संग्रहालय की क्यूरेटर डॉ. रितु मलकोटिया ने बताया कि नई गैलरियों को पर्यटकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। वीकेंड पर करीब 30 से 35 पर्यटक संग्रहालय पहुंच रहे हैं, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या लगभग 20 से 22 रहती है। उन्होंने बताया कि हाल ही में श्रीलंका, फ्रांस, रूस की एंबेसी और इजराइल से आए डेलीगेट्स व विदेशी पर्यटकों ने भी संग्रहालय का दौरा किया।विदेशी पर्यटकों में विशेष रूप से संग्रहालय में प्रदर्शित ऐतिहासिक हथियारों को लेकर उत्सुकता देखने को मिल रही है। इसके अलावा कांगड़ा शैली की पारंपरिक पेंटिंग्स और अन्य कलाकृतियां भी लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। संग्रहालय में प्रदर्शित कुछ ऐतिहासिक हथियार राज्य संग्रहालय शिमला से उपलब्ध करवाए गए हैं।डॉ. मलकोटिया ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर की गैलरियों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य चल रहा है और इसे अगले सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। संग्रहालय की पहली मंजिल पर पहले से ही सीसीटीवी निगरानी की सुविधा उपलब्ध है।
