मंडी/परी शर्मा– प्रदेश की विख्यात संस्था माण्डव्य कला मंच ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस के लिए चयनित हुआ है।। संस्कृति एवं रक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय संस्कृति को संरक्षित व शीर्ष प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से देश के विभिन्न 7 सांस्कृतिक केंद्रों के माध्यम से वंदे भारतम् नृत्य उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था । ग्रैंड फिनाले में कलाकारों ने लोक नृत्य, फ्यूजन, भरतनाट्यम, कथक, शास्त्रीय नृत्य आदि की विभिन्न शैलियों से अपनी प्रतिभा के जौहर दिखा कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
34 साल बाद हिमाचल से करेंगे प्रतिनिधित्व
ग्रैंड फिनाले में माण्डव्य कला मंच मंडी ने अपनी प्रतिभा के बल पर जगह बनाते हुए राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस 2023 में चयनित होकर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने की गौरवशाली उपलब्धि हासिल की। इससे पहले मंडी जिला के सांस्कृतिक दलों को कभी भी यह मौका नहीं मिल पाया था। सिर्फ 1989 में 34 साल पहले कुलदीप गुलेरिया और शकुंतला शर्मा सिर्फ दो ही कलाकारों को मौका मिल पाया था। इसके बाद 34 साल तक इंतजार करना पड़ा ।इस बार संस्कृति कर्मी एवं संस्थापक माण्डव्य कला मंच कुलदीप गुलेरिया की अगुवाई में विपिन, राजेश, जितेश, आयुष, पंकज ,कोमल, कनिका, समृति ,आँचल और हिमांशीका सहित 10 कलाकारों की कड़ी मेहनत से लोक नृत्य लुड्डी के माध्यम से सभी प्रतियोगिताओं के साथ ग्रैंड फिनाले की बाधा को पार करते हुए राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस 2023 के लिए स्थान सुनिश्चित कर इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करा दिया है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय ग्रैंड फिनाले के समापन समारोह मैं मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला , कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी के रेडी और विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी व रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महान विभूतियों ने किया चयन
ग्रैंड फिनाले में कला क्षेत्र की पदम विभूषण, पदम श्री, संगीत नाटक अकादमी अवार्डी के अतिरिक्त नामी डांसर और कोरियोग्राफर जैसी महान विभूतियों ने निर्णायक मंडल में शिरकत की। उन्होंने देश के कोने-कोने से आए 215 सांस्कृतिक दलों के 981 कलाकारों को अपनी पारखी नजरों से निहार कर 500 शीर्ष प्रतिभाओं को राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड 2023 की सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए चयनित किया।।
