संजु चौधरी, शिमला: एबीवीपी ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की बहाली,ईआरपी सिस्टम को ठीक करने सहित अन्य मांगों को लेकर विवि प्रशासन के खिलाफ़ धरना प्रदर्शन किया। एबीवीपी की विश्व विद्यालय इकाई ने परीक्षाओं का पुनर्मूल्यांकन रिजल्ट निकालने में देरी के लिए एचपीयू पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का पेपर चेकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले ईआरपी सिस्टम की वजह से छात्रों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही हैं।
एचपीयू एबीवीपी इकाई के प्रांत मीडिया प्रमुख गौरव ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुनर्मूल्यांकन का परिणाम 2 महीने के भीतर निकालने का दावा किया था लेकिन साढ़े 3 महीने के बाद भी आधा अधूरा परिणाम निकाला गया हैं,जिससे छात्रों को भारी परेशानी हो रही है ।इसके अलावा लाइब्रेरी में सेंटर हीटिंग की छात्र लंबे अरसे से मांग कर रहे हैं जिसे आज तक नहीं लगाया गया हैं।
छात्र संघ चुनाव बहाल करने की कांग्रेस और भाजपा दोनों ही सरकारों ने बात कही थी लेकिन आज तक छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं हुए हैं जो कि छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार हैं। विश्व विद्यालय प्रशासन ने अगर समय रहते छात्रों की मांगों पर गौर नहीं किया तो भविष्य में आंदोलन तेज किया जाएगा।
