चिंतपूर्णी,विकास -:चिंतपूर्णी के मुख्य पुलिस बैरियर के समीप स्थित नाली के अवरुद्ध होने से बरसात के दौरान स्थानीय लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होते ही नाली का पानी सुचारु रूप से नहीं निकल पाता, जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है और पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनके अनुसार पुलिस बैरियर के पास से गुजरने वाली मुख्य नाली के ऊपर पार्किंग की ओर जाने के लिए रास्ता बना दिया गया है, जिससे पानी की निकासी बाधित हो गई है। नाली के बार-बार जाम होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर बहने लगता है और दुकानों के सामने जमा हो जाता है।बारिश के दौरान राहगीरों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी फिसलन और जलभराव के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार सड़क पर पानी भरने से यातायात भी धीमा पड़ जाता है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ती है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि नाली की नियमित सफाई कराई जाए और उसके ऊपर बने अवरोध को हटाकर उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि नाली के ऊपर मजबूत लोहे की ग्रिल लगाकर पार्किंग के लिए व्यवस्थित मार्ग तैयार किया जाए, ताकि पानी का बहाव बाधित न हो और लोगों की आवाजाही भी सुचारु बनी रहे।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि समय रहते नाली की मरम्मत और सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में जलभराव की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।
