सोलन : योगेश शर्मा- डायरिया के मामलों को लेकर सोलन में भी स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिले के अस्पतालों में आने वाले उल्टी, दस्त समेत बुखार के मरीजों के सैंपल जांच करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। ताकि मरीजों का पता चल सके और पीड़ित का उपचार भी जल्द शुरू हो सके। इसके अलावा जिले के पांचों चिकित्सा खंडों के अधिकारियों को भी उचित कदम उठाने के निर्देश दे दिए हैं और आवश्यक दवाओं की खेप की पूर्ति अस्पतालों में करने के लिए कहा है।
स्वच्छ पानी पीने और भोजन खाने की सलाह
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमित रंजन ने बताया कि डायरिया को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दी है। जिसमें लोगों को स्वच्छ भोजन और उबाल कर पानी पीने का आग्रह किया है। इसी के साथ लक्षणों के आने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए टीमों का गठन कर दिया है। आईईसी के जरिए लोगों को गांव-गांव में जाकर जागरूक किया जाएगा। अस्पतालों में डायरिया को लेकर सभी आवश्यक दवाइयों की खेप पहुंचा दी गई है। उन्होंने कहा कि डायरिया के लक्षण इस प्रकार से हैं कि लगातार दस्त होते हैं। शरीर में पानी की कमी हो जाती है। कमजोरी आ जाती है। शुरू में बुखार आता है, भूख कम लगती है और सिर में तेज दर्द होता है।,उल्टियां होती है, पेटदर्द, सुस्ती रहने लगती है। उन्होंने बताया कि डायरिया से बचाव के लिए पानी उबाल कर पीना चाहिए, शौच जाने के बाद हाथ अच्छे से धोकर खाना खाएं।,lदस्त लगने पर ओआरएस का घोल मरीज को दें। जितना जल्द हो सके, मरीज को अस्पताल पहुंचाएं। साफ और ढका हुआ खाना ही खाएं।खान-पान में जंक फूड के इस्तेमाल से परहेज करें।
