कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा – जिला कुल्लू के मुख्यालय अखाड़ा बाजार में प्राचीन फाग मेला इस बार 8 व 9 मार्च को मनाया जाएगा। अबकी बार इस मेले में 800 महिलाएं कुलवी परिधान में महानाटी का भी आयोजन करेगी। फाग मेला कमेटी के द्वारा इस बारे में अंतिम निर्णय लिया गया है और सांस्कृतिक संध्या भी इस मेले के दौरान आयोजित की जाएगी।
फाग मेला कमेटी के अध्यक्ष विशाल सूद ने बताया कि बीते 5 सालों से इस मेले को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है और अबकी बार भी देवी-देवताओं के साथ एक शोभायात्रा भी रामशिला से लेकर अखाड़ा बाजार तक निकाली जाएगी। विशाल सूद ने बताया कि 4 मार्च को भी पारिवारिक होली संध्या कार्यक्रम अखाड़ा बाजार में आयोजित किया जाएगा। वही देवता ध्रुव ऋषि के सम्मान में आयोजित होने वाले इस मेले में देवता ध्रुव ऋषि के अलावा देवता चंद्रमौली महादेव भी विशेष रूप से भाग लेंगे। वही, 8 मार्च को भजन संध्या व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। विशाल सूद का कहना है कि पहली बार अखाड़ा बाजार के मैदान में 800 महिलाएं कुल्लवी नाटी का आयोजन करेगी और 9 मार्च को इस नाटी के माध्यम से कुल्लुवी परिधान, खान पान और रहन सहन का भी संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा बच्चों के लिए भी विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी और मेला कमेटी के द्वारा विजेता छात्रों को पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया जाएगा।
