योगेश शर्मा, सोलन: हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण लगातार रफ़्तार पकड़ रहा हैं। लगातार कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। जिला सोलन में भी तेजी से यह संक्रमण फैलने लगा हैं। बदलते मौसम के साथ खांसी जुकाम बुखार के मामले सामने आ रहे हैं तो ऐसे में सैंपल लिए जाने पर लोग संक्रमित हो रहे हैं। फिलहाल बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग जिला सोलन भी अलर्ट है,लगातार कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही हैं
स्वास्थ्य विभाग अब लगातार सामने आ रहे मामलों को लेकर रेंडम सैंपलिंग भी कर रहा हैं। जिला सोलन में एक सप्ताह में 80 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके है और फ़िलहाल जिला में 84 संक्रमण के मामले एक्टिव हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन ने बताया कि लगातार स्वास्थ्य विभाग सोलन में कांटेक्ट ट्रेसिंग और रेंडम सेंपलिंग कर रहा हैं। सभी अस्पतालों में विभाग की ओर से खांसी जुखाम बुखार के मामले आने पर कोविड-19 के सैंपल लिए जा रहे हैं और लोगों से कोरोना वायरस के प्रति सावधानी बरतने की अपील की जा रही हैं
सोलन जिला में इन दिनों धर्मपुर और नालागढ़ ब्लॉक कोरोना हॉटस्पॉट बना हुआ हैं जहां लगातार संक्रमण के मामले सामने आ रहे है। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नजर रखी जा रही हैं।
