केलांग: मंडी, कुल्लू व लाहौल-स्पीति ज़िले के युवाओं के लिए अग्निवीर सेना भर्ती 28 सितंबर से 9 अक्टूबर के बीच आयोजित की जा रही है। यह भर्ती प्रक्रिया मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित की जाएगी।
उपायुक्त लाहौल -स्पीति सुमित खिमटा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेना भर्ती कार्यालय मंडी से प्राप्त सूचना के अनुसार सेना में भर्ती के लिए, भर्ती प्रक्रिया में सर्वप्रथम ऑनलाइन पंजीकरण करना पड़ता है, जिसके लिए आगामी 5 जुलाई से www.joinindianarmy.nic.in पर
आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह लिंक आगामी 03 अगस्त तक खुला रहेगा।
ऑनलाइन पंजीकरण होने के बाद ही अभ्यर्थियों को रैली में भाग लेने के लिए काल लेटर प्रदान किया जाता है। अग्निवीर (सेना) भर्ती के लिए अभी तक लाहौल-स्पीति के मात्र 50 युवाओं ने अपना ऑनलाइन पंजीकरण किया है। अग्निवीर के तहत सामान्य ड्यूटी, लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन के विभिन श्रेणियों के पद भरे जाएंगे। उपायुक्त ने बताया कि शैक्षणिक योग्यता व अन्य आहर्ताओं की जानकारी सहित आवश्यक सूचना वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी।
