Hamirpur, Arvind-उपायुक्त अमरजीत सिंह ने जिले के सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए जिला सुशासन सूचकांक (District Good Governance Index – DGGI) से संबंधित सभी संकेतकों का अद्यतन डाटा शीघ्र तैयार करें और 31 जुलाई तक जिला सांख्यिकीय अधिकारी के कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें।
मंगलवार को हमीर भवन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी योजना या संकेतक में विभाग का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है तो उसमें त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। जहां एक से अधिक विभाग या संस्थान किसी संकेतक से जुड़े हों, वहां डाटा समेकन में कोई चूक न हो, ताकि जिला के प्रदर्शन का सटीक मूल्यांकन हो सके।उन्होंने बताया कि हमीरपुर को सुशासन सूचकांक में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 में 35 लाख रुपये का द्वितीय पुरस्कार तथा 2023-24 में 25 लाख रुपये का तृतीय पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने अफसोस जताया कि कई बार विभागों के बेहतर प्रदर्शन के बावजूद डाटा अपलोडिंग या रिपोर्टिंग की चूक के कारण रैंकिंग प्रभावित होती है।उपायुक्त ने ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी ढंग से अपनाने पर भी जोर दिया और सभी विभागों से जवाबदेही एवं पारदर्शिता बढ़ाने का आग्रह किया।
