Chintpurni, 26 October-:रविवार को चिंतपूर्णी में उस समय ट्रैफिक व्यवस्था गड़बड़ा गई, जब एचआरटीसी की देहरा डिपो की एक बस रेही क्षेत्र में अचानक बीच सड़क पर खराब हो गई। इससे चिंतपूर्णी नया बस स्टैंड से लेकर भरवांई तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं और यात्रियों को जाम में फंसकर भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला रास्ता
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी चिंतपूर्णी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक इंचार्ज दीपक राणा अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से बस को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद कुछ ही समय में यातायात सामान्य हो गया।
स्थानीय लोगों ने जताया धन्यवाद
ट्रैफिक इंचार्ज की तत्परता और कुशल प्रबंधन की स्थानीय लोगों ने सराहना की। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच यदि समय पर कार्रवाई न होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। पुलिस की मुस्तैदी से लोगों ने राहत की सांस ली।
