Una, Vikas-:ऊना जिले के अंब उपमंडल के कलरुही क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया। माता बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमित कुमार, निवासी चंडीगढ़ ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने मित्र निखिल के साथ बाइक (CH01CS 0254) पर घर लौट रहा था। रात करीब 10:30 बजे जैसे ही वे कलरुही पुल को पार कर आगे बढ़े, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक (HP19F 6672) ने अचानक उनकी लेन में घुसकर जोरदार टक्कर मार दी। अमित के अनुसार दूसरी बाइक गलत दिशा में आ रही थी और रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे दोनों बाइकों की टक्कर इतनी भीषण हो गई कि सभी सड़क पर दूर तक जा गिरे।
अस्पताल में होश आने पर अमित को पता चला कि सामने से आ रही बाइक को असाव पुत्र असमाईल खान, निवासी अलोह, चला रहा था। हादसे में अमित का साथी निखिल और दूसरी बाइक सवार असाव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल इमरान और रोहन ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।पुलिस ने अमित कुमार के बयान के आधार पर FIR संख्या 153/25 के तहत धारा 281, 106(1) और 125A BNS में केस दर्ज करते हुए जांच आरंभ कर दी है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया है। जांच का जिम्मा HC विनोद कुमार को सौंपा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और गलत दिशा में बाइक चलाना रहा। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में यातायात नियमों के कड़े पालन की जरूरत है।
