Bilaspur, Subhash -:बिलासपुर का लुहणु मैदान 21 नवंबर को एक बार फिर एक बड़े आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। बुधवार सुबह 11 बजे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विशेष रूप से यहां पहुंचकर बहुप्रतीक्षित ‘जल तरंग महोत्सव’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। लंबे समय से प्रतीक्षित इस आयोजन में पहली बार बड़ी संख्या में जल-क्रीड़ा गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिससे न केवल युवाओं में उत्साह बढ़ेगा बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के पहले चरण में कयाकिंग, केनोइंग जैसी एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रदेशभर से प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेंगे और जल क्रीड़ा कौशल का प्रदर्शन करेंगे। जल तरंग महोत्सव के तहत मैदान में विभिन्न विभागों और स्थानीय समूहों द्वारा स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और व्यास प्योर प्रोडक्ट से जुड़े आइटम प्रमुख आकर्षण होंगे। मुख्यमंत्री स्वयं इन स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने संबंधी पहल की समीक्षा करेंगे।इसके साथ ही यहां आजीविका मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्व-सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से इन इकाइयों की प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन का भी अवलोकन किया जाएगा।
महोत्सव में सांस्कृतिक संध्याओं का भी विशेष आयोजन किया जाएगा। पहली संध्या में पहाड़ी संगीत के युवा कलाकार गौरव कौंडल प्रस्तुति देंगे। दूसरी संध्या में गीता भारद्वाज और ए.सी. भारद्वाज अपनी गायन कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं तीसरी संध्या में कुमार साहिल और नाटी किंग कुलदीप शर्मा माहौल को संगीतमय रंग देंगे।प्रदेश में नशामुक्ति संदेश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से चिट्ठा एंजेट अभियान के तहत बॉडीबिल्डिंग और वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू लुहणु मैदान में जनसभा को संबोधित कर विभिन्न विकास कार्यों की दिशा पर बात रखेंगे।यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी।
